रांची: स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत बेल्जियम से झारखंड दौरे पर आए विद्यार्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को रांची स्थित झारखंड विधानसभा का दौरा किया। इस विशेष शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) रबीन्द्रनाथ महतो से शिष्टाचार मुलाकात की और अपने अनुभव साझा किए।
मुलाकात के दौरान बेल्जियम के छात्रों ने झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, सामाजिक विविधता, ऐतिहासिक परंपराओं और यहाँ की सहज जीवनशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि झारखंड का सांस्कृतिक वैभव, प्राकृतिक सुंदरता और स्थानीय लोगों का आत्मीय व्यवहार उनके लिए बेहद प्रेरणादायक रहा।
इस अवसर पर स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो ने सभी विदेशी विद्यार्थियों का विधानसभा में गर्मजोशी से स्वागत किया। स्मृति-चिह्न के रूप में उन्होंने विद्यार्थियों को झारखंड विधानसभा द्वारा प्रकाशित विशेष पुस्तक “सदन संवाद” भेंट की।
स्पीकर ने कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान न केवल विद्यार्थियों का दृष्टिकोण व्यापक बनाते हैं, बल्कि विभिन्न देशों के बीच आपसी समझ, मैत्रीपूर्ण संबंधों और ज्ञान के विस्तार को भी एक नई दिशा प्रदान करते हैं।




