Jamshedpur: गोलमुरी थाना क्षेत्र के सिंधु रोड निवासी बदल कुमार कुंडू ने बैंक ऑफ बड़ौदा की गोलमुरी शाखा के शाखा प्रबंधक समेत अन्य अधिकारियों पर करीब 40 लाख रुपये के निवेश में कथित अनियमितता और गबन का आरोप लगाया है। उन्होंने गोलमुरी थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

बुधवार को बैंक परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बदल कुमार कुंडू ने बताया कि वर्ष 2020 में बैंक अधिकारियों ने बेहतर रिटर्न का भरोसा देकर उन्हें म्यूचुअल फंड में निवेश करने के लिए प्रेरित किया था। उनके अनुसार, बैंक पर भरोसा करते हुए उन्होंने वर्ष 2020 से अब तक अलग-अलग चरणों में करीब 40 लाख रुपये का निवेश किया।

निवेश राशि निकालने पहुंचे तो सामने आई जानकारी

बदल कुमार कुंडू ने बताया कि हाल ही में मकान निर्माण के लिए जब वह अपनी निवेश राशि निकालने बैंक पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि उनकी दो पॉलिसियों में कुल मिलाकर केवल 8 लाख रुपये ही उपलब्ध हैं। उनका कहना है कि यह जानकारी सुनकर वह हैरान रह गए, क्योंकि उनके अनुसार उन्होंने इससे कहीं अधिक राशि का निवेश किया था।

बैंक प्रबंधन पर लगाया टालमटोल का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उन्होंने शाखा प्रबंधक से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अलग-अलग कारण बताकर मामले को टालने का प्रयास किया गया। बदल कुमार कुंडू के अनुसार, उन्होंने 19 जून 2026 को बैंक प्रबंधन को लिखित शिकायत भी सौंपी थी, लेकिन अब तक न तो शिकायत का समाधान हुआ और न ही निवेश की राशि के संबंध में स्पष्ट जानकारी दी गई।

पुलिस जांच की मांग, बैंक का जवाब नहीं

अपने आवेदन में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि बैंक अधिकारियों की लापरवाही अथवा कथित मिलीभगत के कारण उनकी मेहनत की कमाई का गबन हुआ है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने और उनकी पूरी निवेश राशि वापस दिलाने की मांग की है। वहीं, समाचार लिखे जाने तक बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जाएगी।

Share.
Exit mobile version