गुमला:-पालकोट प्रखंड के बाघिमा स्थित राजकीय उक्रमित मध्य विद्यालय बड़का टोली में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज दिवस के मौके पर एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम NALSA, JHALSA तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) गुमला के संयुक्त दिशानिर्देश में संपन्न हुआ। आयोजन में अध्यक्ष श्री ध्रुव चंद्र मिश्रा और सचिव श्री रामकुमार लाल गुप्ता का मार्गदर्शन रहा।

कार्यक्रम के मुख्य प्रशिक्षक PLV राजू साहू ने उपस्थित बच्चों, अभिभावकों और ग्रामीणों को सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज का महत्व समझाया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केवल बीमारी का इलाज नहीं, बल्कि स्वच्छता, पोषण, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से सीधा संबंध रखता है। उन्होंने लोगों को सरकारी स्तर पर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी भी दी।

इसके साथ ही राजू साहू ने DLSA गुमला द्वारा प्रदान की जाने वाली निशुल्क कानूनी सहायता, महिलाओं और बच्चों के अधिकार, वरिष्ठ नागरिकों के संरक्षण, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और ट्रैफिक नियमों के बारे में विस्तार से जागरूक किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद नागरिकों के लिए कानूनी सहायता प्राप्त करना बिल्कुल आसान और निःशुल्क है।

कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साह के साथ प्रश्न पूछे। विद्यालय के शिक्षकों ने इस पहल को ग्रामीण क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए DLSA गुमला का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर शिक्षिकाएं बृजेश प्रसाद, उषा कुमारी, बधाई शशि और स्थानीय क्रिकेटर भी मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने और भविष्य सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रोहित कुमार साहू, पालकोट

Share.
Exit mobile version