रांची: दिल्ली में एक महिला पत्रकार के साथ कथित मारपीट के विरोध में शनिवार को रांची में पत्रकारों ने प्रदर्शन किया। सहाफी एसोसिएशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट के आह्वान पर फिरायालाल चौक पर हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए।
पत्रकारों ने घटना की निंदा करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और महिला पत्रकार को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पत्रकारों पर हमला लोकतंत्र पर हमला है। पत्रकारों के साथ हिंसा या दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
पत्रकारों ने लगाए नारे
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने एकजुट होकर नारे लगाए। उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पत्रकार समाज की सच्चाई सामने लाने का काम करते हैं, इसलिए उन्हें सुरक्षित माहौल मिलना जरूरी है।
निष्पक्ष जांच की मांग
पत्रकारों ने संबंधित मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि खासकर महिला पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को गंभीर कदम उठाने चाहिए। साथ ही देशभर में पत्रकारों पर होने वाले हमलों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की बात कही।
प्रदर्शन में रांची प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष राजेश सिंह, सुरेंद्र सोरेन, धर्मेंद्र गिरी, विपिन उपाध्याय, जावेद अख्तर, वसीम आलम, सैयद रमीज, शाहीन अहमद, गुलाम शाहिद, फिरोज जिलानी, आसिफ नईम समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।




