जमशेदपुर: सिदगोड़ा के बाबूडीह इलाके में बुधवार देर रात डीजे बंद कराने पहुंची पुलिस टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। कुछ युवकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया और पुलिस वाहन में तोड़फोड़ की। घटना में एएसआई कृष्ण कुमार घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि डायल 112 पर तेज आवाज में डीजे बजने की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद पुलिस टीम करीब रात 12 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने डीजे बंद करने को कहा, जिसके बाद कुछ युवक पुलिसकर्मियों से बहस करने लगे।
आरोप है कि युवकों ने पुलिस के साथ मारपीट की कोशिश की। इस दौरान एएसआई का मोबाइल छीनने और पुलिस की राइफल लेने का भी प्रयास किया गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और पांच युवकों को हिरासत में ले लिया।
बाद में हिरासत में लिए गए युवकों के परिजन और स्थानीय लोग सिदगोड़ा थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर युवकों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम पर हमला, सरकारी काम में बाधा और तोड़फोड़ के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पथराव में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी कर रही है।




