अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : श्री रामायण आदर्श प्रचार मंडल के तत्वावधान में आयोजित 11 दिवसीय 78वां शारदीय नवरात्र महोत्सव धार्मिक उल्लास और भक्ति भाव से मनाया जा रहा है। आज महोत्सव के तीसरे पारायण के दिन का मुख्य आकर्षण श्री राम-जानकी विवाह रहा, जिसे बड़ी धूमधाम और पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर भगवान श्रीराम को दूल्हा और माता सीता को दुल्हन रूप में सजाया गया। विवाह में वर पक्ष का दायित्व गौरीशंकर अग्रवाल और वधू पक्ष का दायित्व ज्योति बजाज ने निभाया। सपत्नीक विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विवाह संस्कार सम्पन्न हुआ, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम में बंगाल से आए इंदिरा डांस ग्रुप के कलाकारों ने नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की। इसमें गणेश उत्पत्ति, नवदुर्गा रूप दर्शन, राम-जानकी विवाह और महारास जैसे प्रसंगों का अद्भुत मंचन किया गया। इस मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
महोत्सव में पहुंचे विभिन्न संस्थाओं, समितियों और मंडलों के प्रतिनिधियों का मंडल अध्यक्ष मुदित धरनिधरका और सचिव गिरीश अग्रवाल ने स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें इच्छापूर्ण हनुमानजी महाराज का छाया चिन्ह और अंग वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
इस धार्मिक आयोजन में अग्रवाल सभा, मारवाड़ी सहायक समिति, अग्रवाल युवा सभा, मारवाड़ी युवा मंच, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, सेवा भारती, मारवाड़ी महिला मंच, चिन्मय सेवा ट्रस्ट सहित कई संगठनों की सक्रिय उपस्थिति रही। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उमंग देखने को मिली।

