Palamu : झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में अपराधियों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। सोमवार रात महुदंड पंचायत के प्रतापपुर गांव में बहुउद्देशीय भवन निर्माण स्थल पर हथियारबंद अपराधियों ने लेवी नहीं देने पर मजदूरों की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस घटना में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें मेदिनीनगर रेफर किया गया है, जबकि एक मजदूर का इलाज हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है।

घायलों की पहचान दिलीप चौरसिया, बसंत चौरसिया और अशोक चौरसिया के रूप में हुई है, जो सभी डालटनगंज क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात करीब 10 बजे हथियारों से लैस अपराधी अचानक निर्माण स्थल पर पहुंचे और ठेकेदार से लेवी की मांग करने लगे। जब मजदूरों ने पैसे देने से इनकार किया, तो अपराधियों ने लाठी-डंडे से उनकी जमकर पिटाई कर दी और मौके से फरार हो गए।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह घटना हुसैनाबाद क्षेत्र में बढ़ती अपराध की श्रृंखला का हिस्सा है। इससे पहले भी 27 अक्टूबर को इसी पंचायत के प्रतापपुर गांव में एक महिला मजदूर प्रतिमा देवी पर हथियारबंद अपराधियों ने हमला किया था। उस समय अपराधियों ने खुद को थाना प्रभारी बताकर गेट खुलवाया और फिर महिला के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया था। उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े संवेदक अविनाश कुमार और मुंशी को धमकी भरे कॉल करने को भी मजबूर किया था।

अपराधियों ने उस वक्त भी चेतावनी दी थी कि यदि लेवी नहीं दी गई, तो निर्माण कार्य बंद करा दिया जाएगा और विरोध करने वालों की हत्या कर दी जाएगी। इसके बाद भी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले और बढ़ गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, दोनों घटनाओं में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान शुरू किया गया है। हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

लगातार हो रही इन घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हुसैनाबाद क्षेत्र में पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया जाए, ताकि सरकारी विकास कार्य सुरक्षित रूप से पूरे हो सकें।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई नहीं करता, तो अपराधियों का मनोबल और बढ़ेगा और सरकारी निर्माण कार्य पूरी तरह प्रभावित हो जाएंगे।

Share.
Exit mobile version