फॉण्ट कनवर्टर NEW

अररिया पुलिस ने शराब तस्करों पर कसा शिकंजा, रानी चौक से ट्रक और शराब जब्त

बिहार के अररिया जिले में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जोकीहाट थाना पुलिस ने रानी चौक के पास एक 12 चक्का ट्रक से 4401 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने ट्रक चालक और खलासी को भी गिरफ्तार किया

अपनी भाषा में पढ़ें

अररिया : बिहार के अररिया जिले में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जोकीहाट थाना पुलिस ने रानी चौक के पास एक 12 चक्का ट्रक से 4401 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने ट्रक चालक और खलासी को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मुजफ्फरपुर जिले के रहने वाले हैं।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

रविवार को सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जोकीहाट थाना क्षेत्र के रानी चौक के पास एक ट्रक से शराब की तस्करी की जा रही है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने ट्रक को रोककर तलाशी ली। इस दौरान ट्रक से कुल 4401 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ ट्रक को भी जब्त कर लिया।

मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं दोनों गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने मौके से ट्रक चालक कपिल कुमार (27 वर्ष) और खलासी शत्रुघ्न कुमार (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। दोनों मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र के बहिलवारा भुसली उत्तरी गांव के रहने वाले हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस मामले में जोकीहाट थाने में बिहार मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

इस कार्रवाई में जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा, एसआई रजनीकांत कुमार और पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram