Ranchi : झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा कर लिया है। सरकार ने इस उपलब्धि को विशेष रूप से युवाओं के लिए समर्पित करने का निर्णय लिया है और वर्ष 2024-25 को ‘नियुक्ति वर्ष’ घोषित किया है। इसी कड़ी में 28 नवंबर को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में एक विशाल राज्यस्तरीय समारोह आयोजित किया जा रहा है, जहां हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।
मोरहाबादी मैदान में व्यापक तैयारियाँ पूरी
समारोह के लिए मोरहाबादी मैदान में बड़े पैमाने पर व्यवस्था की गई है। मुख्य मंच तैयार कर लिया गया है तथा लगभग 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। विभिन्न विभागों द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को पहले ही निमंत्रण और आवश्यक सूचना भेज दी गई है, ताकि वे समय पर कार्यक्रम में शामिल हो सकें। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पार्किंग की अलग से तैयारी की गई है।
इन पदों पर होंगी नियुक्तियाँ
- सहायक आचार्य – 8000 पद
- उप समाहर्ता – 207 पद
- पुलिस उपाधीक्षक (DSP) – 35 पद
- राज्य कर पदाधिकारी – 56 पद
- काराधीक्षक – 02 पद
- झारखंड शिक्षा सेवा श्रेणी–दो – 10 पद
- जिला समादेष्टा – 01 पद
- सहायक निबंधक – 08 पद
- श्रम अधीक्षक – 14 पद
- प्रोबेशन पदाधिकारी – 06 पद
- निरीक्षक उत्पाद – 03 पद
- कीटपालक – 150 पद
इन नियुक्तियों के माध्यम से सरकार ने युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। समारोह में मुख्यमंत्री के साथ कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
सरकार का कहना है कि यह कार्यक्रम ना सिर्फ रोजगार देने का माध्यम है, बल्कि राज्य के भविष्य को नई दिशा देने का प्रयास भी है। दूसरी ओर, अभ्यर्थियों में भी इस समारोह को लेकर उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि कई लोग वर्षों से इन नियुक्तियों का इंतजार कर रहे थे।



