फॉण्ट कनवर्टर NEW

पशुपालकों से सरकार की निःशुल्क टीकाकरण योजना का लाभ उठाने की अपील

गुमला चैनपुर :-बरसात के मौसम में पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चैनपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मालम नवाटोली में शुक्रवार को पशुपालन विभाग द्वारा निःशुल्क टीकाकरण एवं दवा वितरण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पशुपालकों ने

अपनी भाषा में पढ़ें

गुमला चैनपुर :-बरसात के मौसम में पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चैनपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मालम नवाटोली में शुक्रवार को पशुपालन विभाग द्वारा निःशुल्क टीकाकरण एवं दवा वितरण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पशुपालकों ने अपने पशुओं का टीकाकरण कराया तथा विभागीय अधिकारियों से पशुधन की देखभाल संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

प्रखंड पशु चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि केंद्र एवं झारखंड सरकार की योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं को खुरहा-चपका (एफएमडी), गलाघोंटू (एचएस) तथा अन्य मौसमी संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए निःशुल्क टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहली बारिश के बाद इन बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है, इसलिए समय पर टीकाकरण कराना बेहद आवश्यक है।

अभियान के दौरान पशुपालकों को पशुओं के रखरखाव, स्वच्छता, संतुलित आहार तथा बीमारी के शुरुआती लक्षणों की पहचान के बारे में भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि समय पर टीकाकरण और उचित देखभाल से पशुधन को गंभीर बीमारियों और आर्थिक नुकसान से बचाया जा सकता है।

पशु चिकित्सा पदाधिकारी ने किसानों एवं पशुपालकों से सरकार की इस निःशुल्क योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए विभाग की हेल्पलाइन 1962 की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि यदि किसी पशु में बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो हेल्पलाइन 1962 पर कॉल करने पर संबंधित प्रखंड पशु चिकित्सा पदाधिकारी के माध्यम से एंबुलेंस सहित निःशुल्क पशु चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जाती है।

विभाग ने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं तथा किसी भी प्रकार के बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत पशु चिकित्सा विभाग से संपर्क करें, ताकि पशुधन को सुरक्षित रखा जा सके और किसानों को किसी प्रकार की आर्थिक क्षति का सामना न करना पड़े।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram