Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में छेड़खानी का विरोध करने पर मनचलों द्वारा एक महिला पर खौलता तेल उड़ेल देने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस अमानवीय घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है।
घटना रविवार देर शाम की बताई जा रही है। इस संबंध में सोमवार को मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने जानकारी दी कि पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में मुख्य आरोपी उदय चौधरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, उसका साथी मनीष चौधरी घटना के बाद से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति दिव्यांग है और परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर है। दो छोटे-छोटे बच्चों का पालन-पोषण करने के लिए वह गांव में ही समोसा और पकौड़ी की छोटी दुकान चलाती है। रविवार की शाम वह रोज की तरह दुकान पर पकौड़ी तल रही थी। इसी दौरान पड़ोस के गांव के रहने वाले उदय चौधरी और मनीष चौधरी वहां पहुंचे और उसके साथ अश्लील हरकतें व छेड़खानी करने लगे।
महिला द्वारा इसका विरोध करने और शोर मचाने पर दोनों युवक आपा खो बैठे। आरोप है कि गुस्से में आकर आरोपियों ने कढ़ाही में रखा खौलता तेल महिला के ऊपर फेंक दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई और मौके पर ही गिर पड़ी। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना ने महिलाओं की सुरक्षा पर गहरी चिंता पैदा कर दी है। पंचायत के पूर्व मुखिया राजेश वर्मा ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपी युवक दबंग और बदमिजाज प्रवृत्ति के हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी दोनों कई बार आपत्तिजनक गतिविधियों में शामिल रहे हैं, लेकिन प्रभावशाली परिवार से होने के कारण लोग उनके खिलाफ आवाज उठाने से डरते थे।
पूर्व मुखिया समेत स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



