Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर शहर के तीन प्रमुख बस टर्मिनलों के आधुनिकीकरण, नवीनीकरण और जीर्णोद्धार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल 48.72 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे आइटीआई बस स्टैंड, सरकारी बस डिपो और बिरसा मुंडा बस टर्मिनल (खादगढ़ा) को राष्ट्रीय स्तर के मॉडल टर्मिनल के रूप में विकसित किया जाएगा।
नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार के निर्देश पर इन कार्यों के लिए निविदा प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। विभागीय प्रधान सचिव सुनील कुमार ने जुडको (JUDCO) को निर्देश दिया है कि टेंडर प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू कराया जाए। मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि रांची के बस टर्मिनल न केवल सुविधाजनक हों, बल्कि स्वच्छता, सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं के मामले में राष्ट्रीय मानकों पर खरे उतरें।
करीब तीन एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला आइटीआई बस स्टैंड यात्रियों के लिए एक आधुनिक परिवहन केंद्र के रूप में तैयार किया जाएगा। यहां ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर वाले टर्मिनल भवन का निर्माण होगा। बसों के सुचारु परिचालन के लिए 13 बस वे बनाए जाएंगे और 35 बसों के लिए स्टैंडबाय पार्किंग की सुविधा प्रदान की जाएगी। टर्मिनल में वातानुकूलित प्रतीक्षालय, ड्राइवर कैंटीन, मेंटेनेंस शेड, फूड कियोस्क, कैफेटेरिया, टिकट काउंटर, महिला-पुरुष शौचालय, ऑटो और ई-रिक्शा पार्किंग की व्यवस्था होगी। प्रथम तल पर रेस्टोरेंट, प्रशासनिक कार्यालय, डॉरमेट्री और गेस्ट रूम की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। यहां प्रतिदिन करीब 416 बसों के परिचालन की व्यवस्था की गई है।
सरकारी बस डिपो का होगा कायाकल्प
1960 के दशक में बना सरकारी बस डिपो अब जर्जर अवस्था में है, जिसे पूरी तरह से पुनर्निर्मित किया जाएगा। करीब 20.19 करोड़ रुपये की लागत से इंडियन रोड कांग्रेस के मानकों के अनुरूप नया टर्मिनल भवन बनाया जाएगा। पुराने भवन को हटाकर नए आधुनिक स्ट्रक्चर का निर्माण होगा। यहां गार्ड रूम, मेंटेनेंस क्षेत्र, कैंटीन, प्रतीक्षालय, डॉरमेट्री, गेस्ट रूम, टिकट काउंटर, ट्रांसपोर्ट ऑफिस, हेल्प डेस्क, कैफेटेरिया, फूड कियोस्क और शेडयुक्त बस वे की व्यवस्था की जाएगी। आठ बस वे के जरिए प्रतिदिन लगभग 512 बसों का सुचारु परिचालन संभव होगा।
खादगढ़ा बस टर्मिनल को मिलेगा नया स्वरूप
बिरसा मुंडा बस टर्मिनल, खादगढ़ा का जीर्णोद्धार करीब 3.76 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। 11.6 एकड़ में फैले इस परिसर में 31 बस वे, 89 बसों और 70 कारों के लिए पार्किंग की सुविधा होगी। यहां स्मार्ट शेड, 50 बेड की डॉरमेट्री, गेस्टहाउस, रेस्टरूम, स्नानागार, हाईमास्ट लाइट, बाउंड्री वॉल और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे, नए फर्नीचर, लो-स्पीड फैन, वाटरप्रूफिंग, प्लास्टर और पेंटिंग सहित पूरे परिसर का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि इन तीनों बस टर्मिनलों के विकसित हो जाने के बाद रांची राज्य ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर आधुनिक बस टर्मिनल के रूप में अपनी पहचान बनाएगा, जिससे यात्रियों को एक सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा।



