रांची: झारखंड पुलिस एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता की मेजबानी करने जा रही है। 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 22 से 26 अक्टूबर तक रांची के होटवार स्थित खेलगांव परिसर में होगा।
प्रतियोगिता में देशभर की पुलिस टीमों के साथ केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के तीरंदाज भी हिस्सा लेंगे। पांच दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपनी निशानेबाजी और तीरंदाजी कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
इस प्रतियोगिता की मेजबानी की जिम्मेदारी केंद्रीय खेल नियंत्रण बोर्ड ने झारखंड पुलिस को दी है। आयोजन को सफल बनाने के लिए झारखंड पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
25 आईपीएस अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
प्रतियोगिता के आयोजन की अलग-अलग व्यवस्थाओं के लिए 25 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोजन से जुड़े कार्यों को लेकर मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में अधिकारियों की बैठक होगी। इसमें प्रतियोगिता की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की जाएगी।
खेलगांव में जुटेंगे देशभर के तीरंदाज
22 से 26 अक्टूबर तक खेलगांव परिसर में देशभर के पुलिस तीरंदाज जुटेंगे। विभिन्न राज्यों की पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।




