Ranchi : आजसू छात्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष गंगवार से गुरुवार को मुलाकात कर एसटी, एससी और ओबीसी छात्रों की लंबित पोस्ट–मैट्रिक छात्रवृत्ति को जल्द जारी कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि छात्रवृत्ति नहीं मिलने से आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग के हजारों छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई विद्यार्थी मजबूरी में पार्ट टाइम काम कर रहे हैं।
छात्र प्रतिनिधियों की बात सुनने के बाद राज्यपाल ने गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्रवृत्ति भुगतान की समस्या पर संबंधित विभाग से तुरंत जानकारी ली जाएगी और छात्रों को राहत देने के लिए उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। राज्यपाल ने कहा कि आर्थिक कारणों से किसी भी छात्र की शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए।
आजसू छात्र संघ लगातार कई दिनों से इस मुद्दे पर आंदोलनरत है। हाल ही में “शिक्षा के लिए भिक्षा : जनाक्रोश मार्च” के दौरान भी उन्होंने राजभवन के समक्ष प्रदर्शन किया था, लेकिन राज्यपाल के राज्य से बाहर रहने के कारण उस समय ज्ञापन नहीं सौंपा जा सका। संघ के अनुरोध पर गुरुवार को विशेष रूप से मुलाकात का समय निर्धारित किया गया।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, पीयूष चौधरी, राजकिशोर महतो एवं प्रताप सिंह शामिल थे। छात्र संगठन ने उम्मीद जताई कि राज्यपाल के हस्तक्षेप से लंबित छात्रवृत्ति जल्द जारी होगी।



