Ranchi : अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को कुलाधिपति सह राज्यपाल, झारखंड के नाम एक ज्ञापन सौंपते हुए रांची विश्वविद्यालय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में स्थाई कुलपति, प्रतिकुलपति एवं कुलसचिव की शीघ्र नियुक्ति की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से आजसू ने कहा कि दोनों प्रमुख विश्वविद्यालयों में लंबे समय से स्थाई कुलपति की नियुक्ति नहीं होने के कारण शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं। न तो नियमित रूप से कक्षाएं संचालित हो पा रही हैं और न ही समय पर परीक्षाएं एवं परिणाम प्रकाशित हो रहे हैं। इसका सीधा असर विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हजारों छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है, जिन्हें भविष्य को लेकर गंभीर असमंजस का सामना करना पड़ रहा है।
आजसू ने यह भी बताया कि कुलपति के अभाव में विश्वविद्यालयों में किसी प्रकार की वित्तीय प्रक्रिया एवं विकास कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। सीनेट एवं सिंडिकेट की बैठकें समय पर नहीं हो पा रही हैं, जिससे शैक्षणिक सुधार एवं अधोसंरचना विकास पर विराम लग गया है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के कर्मचारी एवं शिक्षक भी वेतन भुगतान में विलंब जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
आजसू ने स्पष्ट रूप से कहा कि इन सभी समस्याओं का स्थायी समाधान केवल स्थाई कुलपति, प्रतिकुलपति एवं कुलसचिव की नियुक्ति से ही संभव है। संगठन ने कुलाधिपति से छात्र हित में राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में शीघ्र इन पदों पर नियुक्ति करने का आग्रह किया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान राजेश सिंह, अमन साहू, राज दुबे, मुकेश, निशांत, हिमांशु सिंह, अमित मिंज, प्रिंस लिंडा, विवेक, अमन, रोहित आलोक, सुजल अनुज सहित कई छात्र नेता उपस्थित थे।



