फॉण्ट कनवर्टर NEW

गोलमुरी की यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग, आजसू नेता ने दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम

गोलमुरी क्षेत्र में बिगड़ती यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर आजसू पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सड़क किनारे बेतरतीब खड़े भारी वाहनों, गड्ढों और दुर्घटनाओं के बढ़ते खतरे पर चिंता जताई

अपनी भाषा में पढ़ें

जमशेदपुर: गोलमुरी क्षेत्र में बिगड़ती यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर आजसू पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सड़क किनारे बेतरतीब खड़े भारी वाहनों, गड्ढों और दुर्घटनाओं के बढ़ते खतरे पर चिंता जताई है।

अप्पू तिवारी ने मंगलवार को यातायात डीएसपी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने प्रशासन को 48 घंटे के भीतर कार्रवाई शुरू करने का अल्टीमेटम दिया है।

भारी वाहनों की पार्किंग से बढ़ी परेशानी

अप्पू तिवारी के अनुसार, गोलमुरी की सड़कों के किनारे भारी वाहन खड़े रहने से सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। वहीं, जगह-जगह गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

उन्होंने कहा कि रात में बिना पर्याप्त रिफ्लेक्टर और संकेतक के भारी वाहनों का खड़ा रहना स्थिति को और गंभीर बना देता है।

नो-पार्किंग और सड़क मरम्मत की मांग

उन्होंने प्रशासन से नो-पार्किंग क्षेत्रों को स्पष्ट रूप से चिन्हित करने और नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की। साथ ही भारी वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था, सड़कों और गड्ढों की मरम्मत, दुर्घटना संभावित स्थानों पर बैरिकेडिंग, रोड साइन, रिफ्लेक्टर और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की।

उन्होंने पीक आवर में यातायात निगरानी बढ़ाने और सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर नियमित चालान व जरूरत पड़ने पर टोइंग की कार्रवाई करने की भी मांग की।

कार्रवाई नहीं हुई तो भूख हड़ताल की चेतावनी

अप्पू तिवारी ने कहा कि प्रशासन को कार्रवाई के लिए 48 घंटे का समय दिया गया है। यदि इस अवधि में यातायात व्यवस्था सुधारने और भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वह 48 घंटे बाद दोपहर 12 बजे से भूख हड़ताल शुरू करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए होगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram