Career Adda: एविएशन इंडस्ट्री तेजी से आगे बढ़ रही है। ऐसे में इस क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एयरपोर्ट से जुड़ी अलग-अलग नौकरियां विकल्प बन सकती हैं। ग्राउंड स्टाफ, केबिन क्रू और कस्टमर सर्विस से लेकर एयरपोर्ट ऑपरेशन और टेक्निकल जॉब तक कई भूमिकाओं में काम करने का मौका मिलता है।
Read more: एविएशन सेक्टर में करियर: 12वीं के बाद एयर होस्टेस और पायलट कैसे बनें?
एयरपोर्ट पर नौकरी के लिए अलग-अलग पदों के अनुसार योग्यता और चयन प्रक्रिया होती है। 12वीं या ग्रेजुएशन के बाद एविएशन से जुड़े कोर्स भी किए जा सकते हैं।
ग्राउंड स्टाफ और केबिन क्रू का क्या होता है काम?
ग्राउंड स्टाफ को एयरपोर्ट पर यात्रियों की मदद के लिए तैनात किया जाता है। यात्रियों का चेक-इन करवाना, बोर्डिंग पास देना और यात्रा से जुड़ी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराना इनके काम में शामिल है।
यात्रियों को फ्लाइट का समय, गेट नंबर या यात्रा से जुड़ी दूसरी जानकारी चाहिए हो तो वे ग्राउंड स्टाफ से संपर्क कर सकते हैं।
वहीं, केबिन क्रू विमान के अंदर काम करते हैं। उनका मुख्य काम यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखना होता है। फ्लाइट उड़ने से पहले वे यात्रियों को जरूरी जानकारी देते हैं और यात्रा के दौरान खाना सर्व करने जैसी जिम्मेदारियां भी संभालते हैं।
एयरपोर्ट ऑपरेशन और सिक्योरिटी स्टाफ
एयरपोर्ट ऑपरेशन स्टाफ की जिम्मेदारी एयरपोर्ट के संचालन को सही तरीके से चलाने की होती है। वे फ्लाइट के टेक ऑफ और लैंडिंग से जुड़ी प्लानिंग करते हैं। साथ ही यह सुनिश्चित करने में भूमिका निभाते हैं कि संचालन सुरक्षित तरीके से हो।
Read more: 12वीं के बाद एयर होस्टेस और कमर्शियल पायलट बनकर संवारे अपना करियर
एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी स्टाफ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करता है। यात्रियों और उनके सामान की जांच करना इनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है, ताकि ऐसा कोई सामान विमान में न जाए जो दूसरे यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है।
इंजीनियर से ATC तक टेक्निकल जॉब
एविएशन इंडस्ट्री में कई टेक्निकल जॉब भी होती हैं। इनमें इंजीनियर और एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी ATC अधिकारी जैसी भूमिकाएं शामिल हैं।
इंजीनियर विमान की मरम्मत और तकनीकी स्थिति का ध्यान रखते हैं, ताकि एयरक्राफ्ट सुरक्षित रहे। वहीं, ATC अधिकारी हवा में उड़ रहे विमानों को नियंत्रित करने के साथ सुरक्षित टेक ऑफ और लैंडिंग में भूमिका निभाते हैं।
एयरपोर्ट पर कैसे मिल सकती है नौकरी?
एयरपोर्ट पर नौकरी पाने के कई रास्ते हैं। एयरलाइन कंपनियां अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर वैकेंसी जारी करती हैं। उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन करने के बाद इंटरव्यू और ट्रेनिंग जैसी चयन प्रक्रिया से गुजर सकते हैं।
Read more: पायलट बनने का सपना होगा सच! जानें कोर्स, योग्यता और लाइसेंस की पूरी प्रक्रिया
सरकारी नौकरियों में एयरपोर्ट अथॉरिटी के तहत परीक्षा और इंटरव्यू के जरिए भर्ती होती है। इसके अलावा थर्ड पार्टी कंपनियां भी ग्राउंड स्टाफ जैसी पोस्ट के लिए कर्मचारियों की भर्ती करती हैं। सिक्योरिटी से जुड़ी नौकरियों के लिए SSC जैसी सरकारी परीक्षाओं के माध्यम से भी भर्ती होती है।
12वीं के बाद कौन से कोर्स कर सकते हैं?
एयरपोर्ट पर नौकरी की तैयारी करने वाले छात्र किसी भी स्ट्रीम से 12वीं या ग्रेजुएशन के बाद एविएशन से जुड़े कोर्स कर सकते हैं। इनमें डिप्लोमा इन एविएशन हॉस्पिटैलिटी, एयरपोर्ट मैनेजमेंट और ग्राउंड स्टाफ सर्विस जैसे कोर्स शामिल हैं।
एविएशन क्षेत्र में करियर के लिए पढ़ाई और प्रशिक्षण के साथ अच्छी कम्युनिकेशन स्किल, कॉन्फिडेंस और अच्छी पर्सनालिटी को भी महत्वपूर्ण माना जाता है।




