रांची: राजधानी में नगर निकाय चुनाव का पारा अब चढ़ने लगा है। नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के तहत रांची मेयर पद के लिए चल रही खींचतान के बीच शुक्रवार को स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई। समाहारणालय (कलेक्टर-बी ब्लॉक) स्थित निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष में गहमागहमी के बीच कुल 8 अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए। नाम वापसी की इस प्रक्रिया के बाद अब रांची के मेयर की कुर्सी के लिए मैदान में 11 उम्मीदवार शेष बचे हैं, जिनके भाग्य का फैसला अब जनता करेगी।
इन दिग्गजों ने छोड़ा मैदान
शुक्रवार को चुनावी रणनीतियों और आपसी सामंजस्य के बाद जिन 8 लोगों ने अपने नाम वापस लिए, उनमें प्रमुख रूप से अजीत लकड़ा, कथरीना तिर्की, बिरू तिर्की, राजेन्द्र मुण्डा, रामशरण तिर्की, सुजीत कुमार कुजूर, सुनील फकीरा कच्छप और संजय कुमार टोप्पो शामिल हैं। इन नामों के हटने से अब मुकाबला काफी दिलचस्प और केंद्रित हो गया है।
अब इनके बीच होगी सीधी टक्कर
नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद निर्वाचन विभाग ने अंतिम सूची जारी कर दी है। अब मैदान में रमा खलखो, देवी दयाल मुण्डा, सोनू खलखो, सुजाता कच्छप, विनोद कुमार बड़ाईक, प्रवीण कच्छप, सुमन कांत तिग्गा, किरण कुमारी, सुरेंद्र लिंडा, रौशनी खलखो और सुजीत बिजय आनंद कुजूर अपनी किस्मत आजमाएंगे। इनमें पूर्व मेयर और कई कद्दावर चेहरों की मौजूदगी ने मुकाबले को त्रिकोणीय और चतुष्कोणीय बना दिया है।
कल होगा सिंबल का आवंटन
प्रशासन ने बताया कि चुनावी रणभेरी के अगले पड़ाव के रूप में शनिवार, 7 फरवरी 2026 को सभी 11 उम्मीदवारों को उनके चुनाव चिन्ह (Symbols) आवंटित कर दिए जाएंगे। चिन्ह मिलने के साथ ही शहर में चुनावी प्रचार और भी तेज हो जाएगा।
जिला प्रशासन ने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। साथ ही सख्त लहजे में सभी उम्मीदवारों को आदर्श आचार संहिता का पालन करने की हिदायत दी गई है। रांची जिला प्रशासन ने जनता की शिकायतों के लिए आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर (9430328080) भी जारी किया है।



