अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
चैनपुर (गुमला): चैनपुर मुख्यालय के बेंदोरा –किरतो मार्ग पर रविवार को एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक समेत दो महिलाएं घायल हो गईं। हादसा उस समय हुआ जब महिलाएं बिंदोरा से सब्जी लेकर अपने गांव किरतो लौट रही थीं।
घायलों की पहचान किरतो निवासी सनियो उरैन (41 वर्ष), पति मोहना उरांव तथा जलपति उरैन (40 वर्ष), पति बालकु उरांव के रूप में हुई है। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि वे पैदल अपने घर की ओर आ रही थीं, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
बाइक चालक की पहचान संतोष खेस (26 वर्ष), पिता अल्बेर खेस के रूप में हुई है, जो अपने साथी नरेंद्र टोप्पो के साथ बाइक पर सवार था। नरेंद्र टोप्पो रायडीह के रैसा गांव का निवासी बताया गया है। टक्कर के बाद दोनों महिलाएं सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
इसी दौरान रास्ते से गुजर रही जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा ने घटना को देखा और तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा एवं स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर लाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
दुर्घटना की सूचना पर चैनपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। घायल बाइक चालक को चैनपुर स्थित स्वामी विवेकानंद स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जबकि उसका साथी घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

