पाकुड़। झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा से लगे पाकुड़ में 16 बीघा जमीन पर कथित अवैध पत्थर खनन के मामले की जांच के लिए ACB दुमका की टीम पाकुड़ पहुंची। DSP रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने सदर अंचल के कसियाडांगा, कान्हूपुर और सिंहगड्ढा में मामले की जांच की।
आरोप है कि राजग्राम के एक पत्थर कारोबारी ने इन इलाकों में करीब 16 बीघा जमीन पर अवैध तरीके से पत्थर खनन किया। इस मामले में झारखंड सरकार को करीब 50 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की बात सामने आई है।
DGPS सर्वे में 9.71 एकड़ में अवैध खनन की पुष्टि
मामले की जांच के लिए पाकुड़ के पूर्व और वर्तमान DC ने सिविल SDO को निर्देश दिया था। इसके बाद सिविल SDO की मौजूदगी में खनन क्षेत्र का DGPS सर्वे कराया गया।
जानकारी के अनुसार, सर्वे टीम ने हाल ही में अपनी रिपोर्ट खनन विभाग को भेजी है। रिपोर्ट में करीब 9.71 एकड़ क्षेत्र में अवैध खनन की पुष्टि होने की बात कही गई है।
ACB के टेकओवर के बाद पहली बार पहुंची टीम
मामले को ACB द्वारा टेकओवर किए जाने के बाद टीम पहली बार पाकुड़ पहुंची। अधिकारियों ने माइनिंग ऑफिस और सिविल SDO के आवासीय कार्यालय में जाकर मामले से जुड़ी जानकारी और दस्तावेजों की जानकारी ली।
इसके बाद ACB टीम कथित अवैध खनन स्थल पर भी पहुंची और मौके की जांच की। अब मामले में खनन विभाग और सिविल SDO की ओर से आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।




