कांके। कांके विधानसभा क्षेत्र से जुड़े जनहित, शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के मुद्दों को लेकर आमया संगठन की ओर से विलेज ढाबा में बैठक आयोजित की गयी। बैठक में कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा शामिल हुए। इस बैठक में संगठन के प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित मांगों को विधायक के समक्ष रखा।
आमया संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष एस अली ने कहा कि टेंडर होने के बावजूद वर्षों से अल्पसंख्यक आवासीय +2 उच्च विद्यालय का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने आईटीडीए रांची द्वारा कांके अंचल से भूमि संबंधी मांगी गयी रिपोर्ट जल्द भेजने की मांग की। साथ ही रिनपास में स्थायी निदेशक की नियुक्ति तथा वर्तमान प्रभारी निदेशक के कार्यकाल की जांच कराने का मुद्दा भी उठाया गया।
बैठक में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय, नव निर्मित रिम्स-2 समेत कांके क्षेत्र में केंद्र और राज्य सरकार के संस्थानों में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की गयी। डीएमएफटी फंड से विद्यालयों में अतिरिक्त कमरों के निर्माण और मरम्मत, बुढ़मू व खलारी प्रखंड में डिग्री कॉलेज और आईटीआई की स्थापना तथा जर्जर व सड़क विहीन गांवों में सड़क और नाली निर्माण की मांग भी रखी गयी।
विधायक सुरेश कुमार बैठा ने आमया संगठन और झारखंड छात्र संघ द्वारा वर्षों से जनहित एवं शैक्षणिक सुधार के क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संगठन के सुझाव क्षेत्र के शैक्षणिक, बुनियादी विकास, स्थानीय रोजगार और अधिकारों से जुड़े हैं। इन मांगों को पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जायेगा।
बैठक में फुरकान अंसारी, जियाउद्दीन अंसारी, नौशाद आलम, औरंगजेब आलम, शाहिद अफरोज, जावेद अंसारी सहित संगठन के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।




