फॉण्ट कनवर्टर NEW

गुमला में दर्दनाक घटना: मां ने दो मासूम बच्चों संग कुएं में कूदकर दी जान

Gumla: झारखंड के गुमला जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। घाघरा थाना क्षेत्र के मनातू गांव में बुधवार को एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में

अपनी भाषा में पढ़ें

Gumla: झारखंड के गुमला जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। घाघरा थाना क्षेत्र के मनातू गांव में बुधवार को एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है। मृतकों की पहचान 27 वर्षीय परदेशनी कुमारी, उनके पांच वर्षीय पुत्र अंश उरांव और चार वर्षीय पुत्री आशमानी कुमारी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और परिवार में कोहराम मच गया।

‘आठ महीनों से चल रहा था इलाज’

परिजनों के अनुसार परदेशनी कुमारी पिछले करीब आठ महीनों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं। उनका इलाज रांची के कांके स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में चल रहा था। परिवार के लोग लगातार उनका उपचार करा रहे थे, लेकिन बुधवार को अचानक यह दुखद घटना घट गई। महिला के पति जगन्नाथ उरांव ने बताया कि दोपहर के समय उनकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर घर के समीप स्थित कुएं की ओर नहाने गई थी। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई।

‘कुएं में दिखा कपड़ा, फिर सामने आया दर्दनाक सच’

खोजबीन के दौरान परिजनों ने कुएं में झांककर देखा तो पानी में कपड़ा दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से कुएं की तलाशी ली गई। सबसे पहले एक बच्चे का शव बरामद हुआ। इसके बाद महिला और दूसरी बच्ची के शव भी कुएं से बाहर निकाले गए। घटना की सूचना मिलने पर घाघरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद मनातू गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram