World News: अमेरिका के ऊपर बहुत बड़ा खतरा मंडरा रहा है। यह खतरा किसी देश या आतंकवादी संगठन से नहीं, बल्कि प्राकृतिक है। वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि निकट भविष्य में अमेरिका में सुनामी आ सकती है। एक अध्ययन में पाया गया है कि अमेरिका के कैस्केडिया सबडक्शन जोन में साल 2100 तक एक विनाशकारी भूकंप आना तय है। आने वाले 50 सालों में कभी यह आ सकता है, जिसकी 37 फीसदी संभावना है।

वैज्ञानिकों की चेतावनी पश्चिमी तट के ज्यादातर हिस्से हो जाएंगे तबाह

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वैज्ञानिकों ने 100 फीट ऊंची सुनामी आने की चेतावनी दी है जो पश्चिमी तट के अधिकांश हिस्से को तबाह कर देगी। कैस्केडिया सबडक्शन जोन उत्तरी अमेरिका के पश्चिमी तट से करीब 1100 किलोमीटर लंबी भ्रंश रेखा है, जहां टेक्टोनिक प्लेट, हुआन डे फूका प्लेट, दूसरी टेक्टोनिक प्लेट, उत्तरी अमेरिकी प्लेट के नीचे खिसकती है। यह कनाडा के उत्तरी वैंकूवर द्वीप से लेकर अमेरिका के पश्चिमी तट के दक्षिणी आधे हिस्से तक फैली है, जो वॉशिंगटन, ओरेगन और कैलिफोर्निया के तटों के साथ-साथ चलती है।

वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि अगर 8.0 से 9.0 तीव्रता का भूकंप आया तो 100 फीट ऊंची सुनाती लहरें उठेंगी, जो पश्चिमी तट के अधिकांश हिस्से को तबाह कर देंगी। इसके तटरेखा तुरंत करीब 8 फीट नीचे धंस जाएगी। अनुमान है कि अकेले सीएसजे भूकंप से 5800 मौतें होंगी। वहीं, इसके चलते आने वाली सुनामी के कारण 8000 और लोग मारे जाएंगे। शोधकर्ताओं की अंतरराष्ट्रीय टीम ने कहा कि बढ़ते समुद्र स्तर के कारण ये भविष्यवाणियां समय के साथ और भी बदतर होती जाएंगी।

स्टडी की प्रोफेसर ने कहा कि यह निश्चित रूप से अमेरिका के लिए बहुत ही विनाशकारी घटना होगी। स्टडी में साल 2100 तक जलवायु परिवर्तन के कारण समुद्र का स्तर दो फीट तक बढ़ने का अनुमान है। अगर कैस्केडिया सबडक्शन जोन में तब तक कोई और बड़ा भूकंप नहीं आता है, तो बढ़े जलस्तर के कारण संभवतः इससे होने वाली तबाही और बाढ़ 2025 में होने वाली क्षति से भी ज्यादा बढ़ जाएगी।

Share.
Exit mobile version