फॉण्ट कनवर्टर NEW

फिक्की के 100 साल पूरे, पीएम मोदी ने इंडस्ट्री को दिया 2047 विकसित भारत का मंत्र

फिक्की के शताब्दी वर्ष समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुनिया में संसाधनों का हथियार के रूप में इस्तेमाल हो रहा है, ऐसे में उद्योग जगत को घरेलू स्तर पर क्षमता विकास और 2047 के विकसित भारत पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

अपनी भाषा में पढ़ें

New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि मौजूदा समय में दुनिया में संसाधनों का इस्तेमाल हथियार के रूप में हो रहा है और इंडस्ट्री को घरेलू स्तर पर क्षमता विकसित करने पर फोकस करना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने फिक्की की वार्षिक आम बैठक और वार्षिक सम्मेलन में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का अवसर विशेष है क्योंकि फिक्की अपनी स्थापना के 100 साल पूरे कर रहा है। किसी संस्था का 100 वर्षों तक सतर्क और सक्रिय रहना, बदलते समय के साथ लगातार विकसित होना और देश की आर्थिक यात्रा में अपनी भूमिका निभाते रहना, एक बड़ी उपलब्धि है।

आत्मचिंतन और 2047 के विकसित भारत का लक्ष्य

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आगे बढ़ने से जरूरी है कि हम समय-समय पर आत्मचिंतन करें। यह बात केवल एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि इंडस्ट्री और देश पर भी लागू होती है। इंडस्ट्री के लिए भी जरूरी है कि वे आत्मचिंतन करें और तय करें कि अगले 20 वर्षों में क्या हासिल करना है और 2047 के विकसित भारत में कैसे योगदान दे सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में जब संसाधनों को हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है, तब इंडस्ट्री को ऐसे क्षेत्रों में आगे बढ़ना चाहिए, जिनकी मांग राष्ट्रीय के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हो।

फार्मा, मिनरल्स और निर्यात पर जोर

प्रधानमंत्री ने फार्मा इंडस्ट्री का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत को दुनिया की फार्मेसी कहा जाता है, लेकिन देश आज भी एपीआई और इंटरमीडिएट्स का अरबों डॉलर का आयात करता है। ऐसे में इंडस्ट्री को सोचना होगा कि कौन-सी चीजों को भारत में विकसित किया जा सकता है। ऐसी ही स्थिति कई और क्षेत्रों में है और देश को मिनरल में भी विशेषज्ञता हासिल करनी होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है और कई बड़ी संस्थाओं के अनुमान के मुताबिक देश की विकास दर इस साल 7 प्रतिशत रहने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि भारत का अक्टूबर में निर्यात करीब 50 अरब डॉलर पहुंच गया है, जो किसी एक महीने में देश द्वारा किया गया अब तक का सबसे अधिक निर्यात है। इन्हीं उपलब्धियों के चलते मूडीज, एसएंडपी, फिच रेटिंग और वर्ल्ड बैंक जैसी संस्थाएं देश की विकास दर को ऊपर की ओर बढ़ा रही हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram