चैनपुर (गुमला): भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर चैनपुर प्रखंड मुख्यालय में उत्साह और उमंग के साथ ‘रन फॉर स्वच्छता’ मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुई। इस दौरान प्रखंड एवं अंचल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने धरती आबा को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इसके बाद आयोजित ‘रन फॉर स्वच्छता’ मैराथन के माध्यम से लोगों को स्वच्छता अपनाने और अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर बीपीओ संदीप उरांव, बीपीआरओ संतोष यादव, कल्याण पदाधिकारी शंकर भगत, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक सहित प्रखंड कार्यालय के तमाम कर्मी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम में भाग लेकर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
खास बात यह रही कि कार्यक्रम केवल प्रखंड मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि चैनपुर प्रखंड की सभी पंचायतों में भी जनजातीय गौरव दिवस एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। संबंधित मुखिया की अगुवाई में पंचायतों में स्वच्छता रैलियां निकाली गईं। साथ ही श्रमदान और जन-जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। इन कार्यक्रमों में स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्षपूर्ण जीवन समाज सेवा, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को अपनाते हुए स्वच्छता को भी सामूहिक जिम्मेदारी बनाना जरूरी है।
‘रन फॉर स्वच्छता’ के माध्यम से चैनपुर में स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य एक स्वच्छ, स्वस्थ और सशक्त झारखंड के निर्माण में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।








