रांची : रांची के एक्सट्रीम बार में डीजे संदीप प्रमाणिक की हत्या के मामले में बुधवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। अदालत के निर्देश पर रांची के एसएसपी भी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए। अदालत ने उनसे अनुसंधान में हुई कमियों को लेकर कड़े सवाल-जवाब किए। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि मामले का अनुसंधान सही तरीके से नहीं किया गया है। कई महत्वपूर्ण साक्ष्यों को रिकॉर्ड पर नहीं लाया गया है। अदालत ने एसएसपी को निर्देश दिया कि वे ट्रायल के दौरान प्रस्तुत किए गए साक्ष्यों के रिकॉर्ड का अध्ययन करें। साथ ही, अनुसंधान में हुई त्रुटियों की पहचान कर 30 नवंबर तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। अदालत ने उन्हें अगली सुनवाई के दिन भी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने को कहा है।
Read More : टूटी छतों के नीचे जिंदगी गुजार रहे 43 लाख परिवारों को मिला पक्का आशियाना
प्रशासन ने क्या कहा?
सुनवाई से पहले एसएसपी ने अदालत को जानकारी दी कि मामले के एक अनुसंधानकर्ता को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा, दूसरे अनुसंधानकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस मामले में प्रतिवादी तुषार कांति दास की ओर से अधिवक्ता अनुराग कश्यप ने पक्ष रखा। वहीं, राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता रोहित राय ने पैरवी की।
मामले में सजा का प्रावधान
अपर न्यायायुक्त शैलेन्द्र कुमार की अदालत ने इस मामले में अभिषेक सिंह उर्फ विक्की समेत 10 दोषियों को नौ-नौ वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी। साथ ही, प्रत्येक दोषी पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था। सभी को गैर इरादतन हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत दोषी ठहराया गया था। सजा पाने वालों में अभिषेक सिंह, अशोक कुमार सिंह, मोहम्मद शामिरूदीन, प्रतीक, मृत्युंजय कुमार, प्रकाश कुमार, दिवाकर उपाध्याय, अलोक दीवा, पंकज कुमार और सुमित कुमार शामिल हैं।
कैसे हुई घटना?
मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले संदीप प्रमाणिक की 26 मई, 2024 की देर रात रांची के एक्सट्रीम बार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कुछ युवकों का बार के कर्मचारियों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई, जो बाद में शांत हो गई और युवक वहां से चले गए। आरोप है कि अभिषेक सिंह ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर मारपीट का बदला लेने की योजना बनाई। वह सेल सिटी स्थित अपने किराये के घर से राइफल लेकर दोबारा बार पहुंचा और संदीप प्रमाणिक को गोली मार दी। गोली लगने से संदीप की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित ने बार और पार्किंग क्षेत्र में कई राउंड फायरिंग की और कार से फरार हो गया।
जांच में क्या सामने आया?
घटना के अगले दिन अहले सुबह रांची के एसएसपी और सिटी डीएसपी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बार के कर्मचारियों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें विवाद और गोलीबारी की घटना कैद थी। फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपित समेत 14 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।






