रांची : 1 नवंबर की रैली के बाद पहली बार झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के राजू रांची पहुंचे। रांची हवाई अड्डे पर उन्होंने बताया कि विशेष मतदाता पुनरीक्षण के खिलाफ चल रहे कांग्रेस के आंदोलन का तीसरा चरण अब आ गया है। झारखंड में कांग्रेस के सभी नेता अलग-अलग हिस्सों में सभी वैध मतदाताओं को वोट का अधिकार दिलाने का प्रयास करेंगे। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर भी पार्टी नेताओं द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Read More : विराट का बल्ला गरजा, अर्शदीप ने बरपाया कहर, न्यूजीलैंड चारों खाने चित
मुख्य चुनाव अधिकारी से मिलेंगे कांग्रेस नेता
के राजू ने कहा कि पार्टी मुख्य चुनाव अधिकारी से मिलकर वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की तिथि बढ़ाने का आग्रह करेगी। जिस तरह से 19 लाख वोट काटे गए हैं, उतने वोटों को इतने कम समय में फिर से जुड़वाना संभव नहीं होगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर काम करेंगे, ताकि किसी भी वैध मतदाता का अधिकार न छीना जाए।
नवंबर के तीसरे सप्ताह में आ सकते हैं राहुल गांधी
राहुल गांधी के रांची दौरे के संबंध में उन्होंने जानकारी दी कि नवंबर के तीसरे सप्ताह में उनके झारखंड आने की संभावना है। उससे पहले तीसरे चरण के सभी कार्य कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता मिलकर पूरा कर लेंगे। हवाई अड्डे पर के राजू के साथ कैबिनेट मंत्री इरफान अंसारी भी मौजूद रहे।
बीजेपी के आरोपों पर इरफान अंसारी का पलटवार
रामलीला मैदान की रैली को भाजपा द्वारा फ्लॉप बताए जाने पर कैबिनेट मंत्री इरफान अंसारी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आजादी में बीजेपी का कोई योगदान नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि वे खुद रामलीला मैदान में मौजूद थे और रैली पूरी तरह सफल रही। मतदाता के मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखना कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दायित्व है और सभी मिलकर इसे पूरा करेंगे।






