फॉण्ट कनवर्टर NEW

झारखंड NEET UG काउंसलिंग: मेरिट लिस्ट में सुधार प्रक्रिया पूरी, जल्द जारी होगा संशोधित अंतिम सूची

त्रुटि सुधार के बाद अंतिम मेरिट लिस्ट की प्रतीक्षा में MBBS-BDS अभ्यर्थी

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi: झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) द्वारा आयोजित की जा रही NEET (UG)-2026 स्टेट कोटे की काउंसलिंग प्रक्रिया अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है। राज्य के मेडिकल, डेंटल और आयुष कॉलेजों में MBBS, BDS और BHMS पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए जारी स्टेट मेरिट लिस्ट में त्रुटि सुधार के लिए अभ्यर्थियों से प्राप्त सभी आवेदनों की जांच पूरी कर ली गई है।
पर्षद ने पूर्व में 25 और 28 सितंबर 2026 को स्टेट मेरिट लिस्ट प्रकाशित की थी। इसके उपरांत विभिन्न अभ्यर्थियों और छात्र संगठनों की ओर से श्रेणी व अन्य विवरणों में संशोधन की मांग को लेकर लगातार प्रतिवेदन भेजे गए थे। छात्रों की भविष्य और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने विशेष अवसर प्रदान करते हुए ईमेल के जरिए नए आवेदन मांगे थे। इस प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को जन्म तिथि , लिंग, नाम की स्पेलिंग और महत्वपूर्ण प्रमाण पत्रों (जाति, आवासीय एवं ईडब्ल्यूएस आय प्रमाण पत्र) में सुधार का मौका दिया गया था।
पर्षद ने अपने नियमों में यह स्पष्ट कर दिया था कि आरक्षण का लाभ लेने के लिए ST, SC, BC-I (NCL), BC-II (NCL) तथा EWS प्रमाण पत्र झारखंड राज्य के सब-डिवीजनल ऑफिसर या इससे उच्च स्तर के अधिकारी द्वारा ही निर्गत होने अनिवार्य हैं। बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया था कि निर्धारित समय-सीमा के बाद अथवा अधूरे दस्तावेजों के साथ भेजे गए किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
इस समय सीमा के समाप्त होने के बाद, बोर्ड प्रशासन प्राप्त सभी ऑनलाइन आवेदनों और संलग्न साक्ष्यों का गहन सत्यापन कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, सत्यापन प्रक्रिया पूरी होते ही संशोधित एवं अंतिम स्टेट मेरिट लिस्ट पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट jceceb.jharkhand.gov.in पर सार्वजनिक कर दी जाएगी। इसके आधार पर आगामी राउंड्स (पहले, दूसरे, तीसरे और स्ट्रे वैकेंसी राउंड) की सीट आवंटन प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़ाई जाएगी। छात्र-छात्राओं को सलाह दी जाती है कि वे आगे की काउंसलिंग और सीट अलॉटमेंट से जुड़ी आधिकारिक सूचनाओं के लिए नियमित रूप से पर्षद के पोर्टल पर नजर बनाए रखें।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram