रांची : रांची जिले के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बैंक मोड़ चौक के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 14 साल की छात्रा को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका दायां पैर कटकर अलग हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नौवीं कक्षा में पढ़ती है घायल छात्रा
घायल छात्रा की पहचान गुरुगाईं गांव के रहने वाले बुतुरू साहू की बेटी मिठू कुमारी उर्फ मिठू साहू के रूप में हुई है। मिठू ठाकुरगांव के आदिवासी बाल विकास विद्यालय में नौवीं कक्षा की पढ़ाई करती है।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो रातू से बुढ़मू की ओर जा रही थी। इसी दौरान बैंक मोड़ चौक के पास छात्रा उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्रा का दायां पैर शरीर से अलग हो गया।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही ठाकुरगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही स्कॉर्पियो और उसके चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है।




