फॉण्ट कनवर्टर NEW

एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत मामले में बड़ा खुलासा, तीन पर केस दर्ज

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। रबूपुरा थाना क्षेत्र के नंगला श्रीगोपाल गांव में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों की मौत के बाद पुलिस ने तीन लोगों के

अपनी भाषा में पढ़ें

ग्रेटर नोएडा : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। रबूपुरा थाना क्षेत्र के नंगला श्रीगोपाल गांव में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों की मौत के बाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक महेश के साले की शिकायत पर महेश की दो बहनों और एक बहनोई के खिलाफ प्रताड़ना का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

महेश के मोबाइल से मिला कथित वॉइस नोट

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान महेश के मोबाइल फोन से एक कथित वॉइस नोट मिलने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस रिकॉर्डिंग में महेश ने अपनी दो बहनों और एक बहनोई को परिवार की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। हालांकि, आरोपों की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

नूडल्स खाने के बाद सोया था परिवार

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात महेश अपनी पत्नी ललिता और तीन बच्चों साक्ष, प्रियांश और मिष्टी के साथ रामलीला देखकर घर लौटे थे। रात करीब 10:30 बजे परिवार ने नूडल्स खाए और सोने चला गया। शनिवार सुबह काफी देर तक घर के लोगों के नहीं उठने पर पड़ोसियों को शक हुआ। इसके बाद घर में पांचों के शव मिले।

संपत्ति विवाद की भी जांच कर रही पुलिस

पुलिस की शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद का मामला भी सामने आया है। ललिता के मायके पक्ष का आरोप है कि करीब छह महीने पहले महेश की मां ने 10 बीघा जमीन अपनी बेटी और उसके पति के नाम कर दी थी। इसे लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम में मिले जहर के संकेत

पांचों लोगों की मौत के बाद पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम में जहर के असर के संकेत मिलने पर विसरा जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस ने परिवार द्वारा खाए गए खाद्य पदार्थों के नमूने भी जांच के लिए लिए हैं। मौत की असली वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

नम आंखों से हुआ पांचों का अंतिम संस्कार

पोस्टमार्टम के बाद देर रात पांचों शव नंगला श्रीगोपाल गांव पहुंचे। शवों के पहुंचते ही परिवार और गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों की मौजूदगी में देर रात सभी पांचों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वॉइस नोट, संपत्ति विवाद और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मौत की वजह जानने की कोशिश की जा रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram