रांची : राजधानी रांची के मेन रोड स्थित डेली मार्केट थाना क्षेत्र में चंदा मांगने को लेकर मारपीट की घटना सामने आई है। टैक्सी स्टैंड के पास बॉयलर अंडे की दुकान पर कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई, जिसमें दो युवक घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए रांची के सदर अस्पताल ले जाया गया।
पांच-छह युवकों ने मिलकर की मारपीट
जानकारी के अनुसार, टैक्सी स्टैंड के पास स्थित बॉयलर अंडे की दुकान पर कुछ युवक चंदा मांगने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। घायल युवक का आरोप है कि पांच से छह युवकों ने मिलकर उन दोनों के साथ मारपीट की। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने मारपीट को बताया मामूली
घटना को लेकर डेली मार्केट थाना प्रभारी ने बताया कि कुछ युवकों के बीच हल्की-फुल्की मारपीट हुई थी। इसमें किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। पुलिस के अनुसार, अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
फिलहाल मारपीट की घटना को लेकर घायल युवकों और पुलिस के अलग-अलग बयान सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि अभी तक इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।



