बोकारो : बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की बड़ी घटना सामने आई है। यहां बाइक सवार दो अपराधियों ने ATM में पैसा डालने जा रहे एक कर्मी से 21 लाख 40 हजार रुपये लूट लिए। घटना बोकारो नाथ धाम शिव मंदिर के पास की है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बाइक सवार दो अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, हीटाची कंपनी का कर्मचारी विजय कुमार नया मोड़ से 21 लाख 40 हजार रुपये लेकर कुर्मीडीह स्थित कंपनी के एटीएम में पैसा डालने जा रहा था। इसी दौरान बोकारो नाथ धाम शिव मंदिर के पास पल्सर बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उसे रास्ते में रोक लिया।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने पहले कर्मचारी के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद हाथापाई कर उससे रुपये लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी बाइक से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही माराफारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
फिलहाल पुलिस लूट की घटना में शामिल अपराधियों का पता लगाने में जुटी है। अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।




