Ramgarh: सिद्धो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय (एसकेएमयू) के उर्दू विभागाध्यक्ष डॉ. शम्स तबरेज़ ख़ान ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके पैतृक गांव नेमरा स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री की पूज्य माता जी के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुलाक़ात के दौरान इस कठिन और भावुक घड़ी में ढांढस बंधाते हुए डॉ. ख़ान ने कहा कि पूरा विश्वविद्यालय परिवार मुख्यमंत्री और उनके शोक संतप्त परिवार के साथ पूरी आत्मीयता से खड़ा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का अपने माता-पिता के प्रति निस्वार्थ सेवा, अटूट आदर और समर्पण भाव पूरे समाज के लिए एक जीवंत और अनुकरणीय उदाहरण है। व्यस्ततम राजनीतिक व प्रशासनिक दायित्वों के बीच भी उन्होंने जिस तन्मयता से अपने माता-पिता की देखभाल की, वह हर किसी को सीख देती है।
डॉ. तबरेज़ ख़ान ने रेखांकित किया कि मुख्यमंत्री ने अपने संवेदनशील आचरण से यह स्पष्ट संदेश दिया है कि माता-पिता की सेवा केवल औपचारिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं, संस्कारों और नैतिक मूल्यों का मूलाधार है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री की यह निष्ठा आने वाली नई पीढ़ी को अपने बुजुर्गों व माता-पिता के प्रति कर्तव्यों, जवाबदेही और सेवा भाव का बोध कराएगी, जिससे समाज में आदर और संवेदना की जड़ें और मजबूत होंगी।




