नोएडा : ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत का मामला सामने आया है। रबूपुरा क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव में शनिवार को पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, परिवार ने शुक्रवार रात नूडल्स खाए थे। इसके बाद मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि मामला फूड पॉइजनिंग से जुड़ा हो सकता है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11), बेटी मिष्टी (7) और तीन वर्षीय बेटे साक्षात के रूप में हुई है। सभी नगला श्री पदम गांव के निवासी थे।
घटना की जानकारी मिलते ही रबूपुरा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के लिए फोरेंसिक टीम और फूड एंड सेफ्टी विभाग को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। अधिकारियों के मुताबिक, परिवार के सदस्यों द्वारा रात में नूडल्स खाने की जानकारी शुरुआती पूछताछ में सामने आई है। हालांकि, मौत की असली वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




