रांची : 32वें चरणजीत राय नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट (अंडर-17) में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। शुक्रवार (16 अक्टूबर) को दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में झारखंड ने मध्य प्रदेश विमेन हॉकी अकादमी, ग्वालियर को 3-1 से हराया।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के मार्गदर्शन में खेल रही सीएम एक्सीलेंट गर्ल्स स्कूल, सिमडेगा की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल के साथ मध्य प्रदेश की टीम पर दबाव बनाए रखा और जीत हासिल की।
सानिया, रेजिना और महिमा ने किए गोल
झारखंड की ओर से सानिया तिर्की ने मैच के 21वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद रेजिना कुल्लू ने 40वें मिनट में गोल कर टीम की बढ़त मजबूत की।
मैच के 55वें मिनट में महिमा कुल्लू ने तीसरा गोल दागकर झारखंड की जीत पक्की कर दी। इस तरह झारखंड ने मुकाबला 3-1 से जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
रेजिना कुल्लू बनीं प्लेयर ऑफ द मैच
मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाली झारखंड की खिलाड़ी रेजिना कुल्लू को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्हें शाहाबाद हॉकी टीम की कोच गुरमेल कौर ने फ्लैश हॉकी की ओर से सम्मानित किया।
झारखंड की इस जीत में सभी खिलाड़ियों के बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल की अहम भूमिका रही।
टीम की जीत पर अधिकारियों ने दी बधाई
झारखंड टीम के साथ कोच अभिषेक साहू और आरती बड़ाईक, मैनेजर एमा बारा और फिजियोथेरेपिस्ट निशु डुड्डी मौजूद हैं।
टीम की जीत पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग और राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम सेमीफाइनल में भी शानदार प्रदर्शन करेगी।
बता दें कि यह टूर्नामेंट 9 से 19 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। अब झारखंड की टीम की नजर सेमीफाइनल मुकाबला जीतकर फाइनल में जगह बनाने पर है।




