फॉण्ट कनवर्टर NEW

बगोदर में चार घंटे चली छापेमारी, 80 लाख की अवैध शराब जब्त

झारखंड के गिरिडीह जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। बगोदर के सरिया रोड स्थित विवेकनगर में एक दो मंजिला मकान में चल रही कथित अवैध अंग्रेजी शराब की मिनी फैक्ट्री का

अपनी भाषा में पढ़ें

गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। बगोदर के सरिया रोड स्थित विवेकनगर में एक दो मंजिला मकान में चल रही कथित अवैध अंग्रेजी शराब की मिनी फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। करीब चार घंटे तक चली छापेमारी में लगभग 80 लाख रुपये की शराब और शराब बनाने के उपकरण जब्त किए गए। हालांकि, मौके से किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

मकान के अलग-अलग कमरों में रखी थी शराब

छापेमारी का नेतृत्व एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने किया। उन्होंने बताया कि विवेकनगर में नंदू साव के नवनिर्मित मकान में अवैध शराब का कारोबार चलने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।

तलाशी के दौरान मकान के अलग-अलग कमरों से कार्टन में रखी अंग्रेजी शराब की बोतलें और शराब तैयार करने के उपकरण बरामद किए गए। जब्त सामान को तीन पिकअप वैन में भरकर ले जाया गया। बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान फैक्ट्री का संचालक फरार हो गया।

दूसरे राज्यों में शराब भेजने की आशंका

एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने बताया कि शुरुआती जांच में यहां अवैध तरीके से अंग्रेजी शराब बनाकर दूसरे राज्यों में सप्लाई किए जाने की आशंका है। पुलिस अब इस कारोबार से जुड़े लोगों और शराब सप्लाई के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

अवैध शराब के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई

उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने कहा कि त्योहारों के दौरान अवैध शराब का निर्माण और बिक्री लोगों की सेहत के लिए खतरनाक हो सकती है। उन्होंने बताया कि अवैध तरीके से तैयार शराब में हानिकारक पदार्थ हो सकते हैं, जिससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।

उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इस छापेमारी में उत्पाद विभाग के अधिकारी सुमितेष कुमार, महेश कुमार दास, रविरंजन, लक्ष्मण महतो, बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। फिलहाल पुलिस और उत्पाद विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram