Rajnagar: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के कोलाबड़िया गांव में शुक्रवार को नदी में डूबने से 17 वर्षीय किशोर अमन कंदीर की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बेटे की असमय मौत से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, अमन कंदीर शुक्रवार को नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। काफी देर तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान नदी में डूबने की घटना का पता चला। स्थानीय लोगों की मदद से किशोर को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के पिता एमलेन कंदीर के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद कोलाबड़िया गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजन इस दुखद घटना से गहरे सदमे में हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





