गिरिडीह : गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र में गुरुवार को सड़क हादसे में दो छात्राएं घायल हो गईं। घायल छात्राओं की पहचान वर्षा और काजल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों छात्राएं स्कूटी से पचंबा से झंडा मैदान की ओर प्रशिक्षण लेने जा रही थीं। इसी दौरान गलत दिशा से आ रहे बालू लदे वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्राएं घायल हो गईं। वहीं, दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद छात्रों में आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौके पर पहुंच गए। हादसे से नाराज छात्रों ने सड़क पर बालू ढोने वाले वाहनों को रोककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान बालू खाली कर लौट रहे करीब पांच से छह वाहनों को रोक दिया गया। छात्रों ने घायल छात्राओं के बेहतर इलाज और उचित मुआवजे की मांग की।
बालू लदे वाहनों के परिचालन पर उठाए सवाल
इस हादसे के बाद जिले में बालू के परिवहन और कथित अवैध बालू उठाव को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। छात्रों का कहना है कि जब सरकार अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक लगाने की बात करती है, तो सड़कों पर बालू लदे वाहन कैसे चल रहे हैं।
छात्रों ने प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। इस घटना के बाद सड़क सुरक्षा और बालू लदे वाहनों के परिचालन को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।




