फॉण्ट कनवर्टर NEW

पूजा पंडाल में आग लगने से भारी नुकसान, गांव में बढ़ाई गई सुरक्षा

जामताड़ा के चरकापहाड़ी गांव में बीती रात नवदुर्गा पूजा पंडाल में आग लगने से अफरातफरी मच गई। घटना रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। आग लगने से पूजा पंडाल को काफी नुकसान पहुंचा है।

अपनी भाषा में पढ़ें

जामताड़ा : जामताड़ा के चरकापहाड़ी गांव में बीती रात नवदुर्गा पूजा पंडाल में आग लगने से अफरातफरी मच गई। घटना रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। आग लगने से पूजा पंडाल को काफी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

ग्रामीणों ने की आग बुझाने की कोशिश

पूजा कमेटी के सदस्य मनोज दत्त, राजू दत्त और जयनंदना दत्ता ने बताया कि सबसे पहले हरिपद मंडल ने पंडाल में आग लगी देखी। इसके बाद उन्होंने कमेटी के सदस्यों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। इसी बीच दमकल की गाड़ी भी पहुंच गई। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया।

पूजा कमेटी ने आग लगाने की जताई आशंका

पूजा कमेटी के सदस्यों ने पंडाल में जानबूझकर आग लगाए जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि धारा 107 का नोटिस मिलने के बाद कुछ लोग नाराज चल रहे थे। कमेटी ने इसी नाराजगी के कारण आग लगाए जाने का शक जताया है। साथ ही पूजा आयोजन में जातिवाद और भेदभाव का आरोप भी लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही सर्किल इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान और मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

सर्किल इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान ने बताया कि फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आग कैसे लगी और इसके पीछे किसी की भूमिका थी या नहीं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram