Bokaro: बोकारो जिले के राधानगर पंचायत अंतर्गत गुड़गुड़ी गांव के पांच नंबर वार्ड में बीते 8 अक्टूबर की रात आग लगने से दिवाकर कपद्दार का कच्चा मकान जलकर राख हो गया। घर में अचानक आग लगने से परिवार का पूरा सामान जल गया, जिससे पीड़ित परिवार के सामने रहने और दैनिक जरूरतों को लेकर गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
घटना की सूचना मिलने पर 9 अक्टूबर को राधानगर पंचायत के मुखिया स्वरूप दास पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे और अपनी ओर से हरसंभव मदद की थी। बुधवार को मुखिया स्वरूप दास एवं वार्ड सदस्य उर्मिला देवी ने एक बार फिर पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान मुखिया स्वरूप दास ने कहा कि पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई है। परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को भी अवगत करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार का नाम इंदिरा आवास योजना की सूची में दर्ज है और दिसंबर तक उन्हें आवास मिलने की उम्मीद है।
मुखिया ने यह भी कहा कि कुछ लोग पीड़ित परिवार की मदद के नाम पर चंदा एकत्र कर रहे हैं, जो उचित नहीं है। यदि कोई वास्तव में परिवार की सहायता करना चाहता है, तो उसे सीधे पीड़ित परिवार के घर जाकर उनसे मिलना चाहिए और यथासंभव मदद करनी चाहिए। मुखिया ने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता एवं आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी, ताकि परिवार को दोबारा अपना आशियाना बनाने में मदद मिल सके।





