रांची : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए रांची नगर निगम ने शहर के 176 पूजा पंडालों और उनके आसपास के रास्तों को समतल कराया है। निगम की ओर से अब तक 981 ट्रैक्टर स्टोन डस्ट और 242 ट्रैक्टर जेएसबी उपलब्ध कराए गए हैं। इसका उद्देश्य पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले रास्तों को बेहतर और सुरक्षित बनाना है।
पूजा पंडालों के आसपास भरे गए गड्ढे
नगर निगम के अनुसार, इस साल विभिन्न पूजा समितियों ने 624 ट्रैक्टर स्टोन डस्ट की मांग की थी। इसके मुकाबले निगम ने अब तक 981 ट्रैक्टर स्टोन डस्ट उपलब्ध कराए हैं।
निगम की टीम ने पूजा पंडालों और उनके संपर्क मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान जहां भी गड्ढे मिले, वहां उन्हें भरकर रास्तों को समतल किया गया। इसके लिए 242 ट्रैक्टर जेएसबी का भी इस्तेमाल किया गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान
नगर निगम का कहना है कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक रास्ते उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। इसके साथ ही पूजा पंडालों के आसपास साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
निगम की ओर से पूजा समितियों की जरूरतों के अनुसार सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि पंडालों तक पहुंचने में लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
स्टोन डस्ट की जरूरत होने पर हेल्पलाइन पर करें संपर्क
रांची नगर निगम ने बताया कि उसके पास अतिरिक्त स्टोन डस्ट भी उपलब्ध है। जिन पूजा समितियों को इसकी जरूरत है, वे नगर निगम के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-570-1235 पर संपर्क कर सकती हैं।
पूजा समितियों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर निगम जरूरत के अनुसार स्टोन डस्ट उपलब्ध कराएगा।




