रांची : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रांची ट्रैफिक पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान जारी किया है। 14 से 21 अक्टूबर तक शहर के कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। मेन रोड में हर दिन शाम 3:30 बजे से अगले दिन सुबह 3 बजे तक छोटे वाहनों की नो एंट्री रहेगी। वहीं, सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 4 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
मेन रोड में छोटे वाहनों की नो एंट्री
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, कचहरी चौक से शहीद चौक, फिरायालाल चौक होते हुए सुजाता चौक तक निजी वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा नहीं चल सकेंगे। सुजाता चौक से आने वाले वाहन सैनिक मार्केट और जीईएल चर्च कॉम्प्लेक्स तक ही जा सकेंगे। इसके अलावा न्यू मार्केट से किशोरगंज चौक तक भी छोटे वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
रातू रोड और हरमू की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं। वहीं, लालपुर से कोकर जाने वाला रास्ता वन-वे रहेगा। लालपुर से वाहन सदर थाना रोड होकर कोकर जाएंगे, जबकि कोकर से लालपुर आने वाले वाहनों को कांटाटोली होकर जाना होगा।
भारी वाहनों के लिए 17 जगहों पर बैरियर
शहर में भारी वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए 17 स्थानों पर ड्राप गेट और बैरियर लगाए जाएंगे। इनमें कांके, बोड़ेया रिंग रोड, बीआईटी नेवरी, खेलगांव, दुर्गा सोरेन चौक, रामपुर, खरसीदाग, बिरसा चौक, सिठियो और कटहल मोड़ समेत अन्य स्थान शामिल हैं।
हालांकि, जरूरी सामान लेकर आने वाले वाहनों को सुबह 3 बजे से 8 बजे के बीच शहर में प्रवेश की अनुमति होगी।
श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की व्यवस्था
दुर्गा पूजा पंडालों में आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बकरी बाजार जाने वाले श्रद्धालु जिला स्कूल, बालकृष्ण स्कूल और न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड के पास वाहन खड़े कर सकेंगे।
वहीं, स्टेशन रोड के पूजा पंडालों में जाने वाले लोग रेलवे पार्किंग का इस्तेमाल कर सकेंगे। कोकर की ओर आने वालों के लिए रामलखन यादव कॉलेज, साधु मैदान और बिजली कार्यालय के पास पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
इसके अलावा नागाबाबा खटाल, जाकिर हुसैन पार्क, रांची विश्वविद्यालय, अटल वेंडर मार्केट, जयपाल सिंह स्टेडियम और संत जेवियर कॉलेज परिसर में भी पार्किंग की सुविधा मिलेगी।
ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील
रांची ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दुर्गा पूजा के दौरान तय रास्तों का ही इस्तेमाल करें और वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करें। इससे शहर में जाम की समस्या कम होगी और श्रद्धालुओं को पूजा पंडालों तक पहुंचने में आसानी होगी।



