रांची : दुर्गा पूजा को लेकर रांची नगर निगम ने श्रद्धालुओं के लिए कई सुविधाओं की घोषणा की है। पूजा पंडालों में घूमने आने वाले लोगों को अब बस के किराए की चिंता नहीं करनी होगी। नगर निगम 16 अक्टूबर से पांच रूटों पर मुफ्त सिटी बसें चलाएगा। इसके साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त ठहरने और शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
पांच रूटों पर मिलेगी मुफ्त बस सेवा
नगर निगम के अनुसार, गोंदलीपोखर, तुपुदाना, कांके, ओरमांझी और पंडरा रोड के रिंग रोड से रांची तक मुफ्त सिटी बसें चलाई जाएंगी। इससे शहर और आसपास के इलाकों से दुर्गा पूजा देखने आने वाले लोगों को आने-जाने में आसानी होगी।
रात में ठहरने की भी होगी व्यवस्था
दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए नगर निगम के 10 आश्रयगृहों में मुफ्त रात्रि विश्राम की सुविधा दी जाएगी। वहीं, शहर के सभी सुलभ शौचालय 24 घंटे खुले रहेंगे। श्रद्धालु इनका इस्तेमाल बिना पैसे दिए कर सकेंगे।
सफाई व्यवस्था पर भी रहेगा विशेष ध्यान
दुर्गा पूजा के दौरान शहर के 175 पूजा पंडालों के आसपास साफ-सफाई के लिए 1200 सफाईकर्मियों को तैनात किया गया है। प्रत्येक पंडाल के लिए अलग सफाई टीम बनाई गई है, जो नियमित रूप से सफाई का काम करेगी।
इसके अलावा नगर निगम का कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। पानी, बिजली की स्ट्रीट लाइट, सफाई या अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी परेशानी होने पर लोग हेल्पलाइन नंबर 18005701235 पर शिकायत कर सकते हैं।
नगर निगम का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देना और शहर में साफ-सफाई बनाए रखना है।




