धनबाद : धनबाद में हत्या के एक मामले में गिरफ्तार आरोपित और पुलिस के बीच मंगलवार देर रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से शंकर डे उर्फ पिंकू डे घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। घायल आरोपित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीण एसपी मोहम्मद याकूब के अनुसार, शंकर डे को राम प्रताप प्रसाद की हत्या के मामले में मैथन से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के बाद पुलिस उसे हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के लिए टुंडी के मनियाडीह ले गई थी। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान आरोपित ने एक सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीन ली और भागने की कोशिश में पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी।
लूट के पैसों को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, अगस्त महीने में राम प्रताप प्रसाद की पत्नी ने गोंदूडीह ओपी में पति के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में शंकर डे पर शक जताया गया था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जून महीने में राम प्रताप और शंकर ने मिलकर लूट की एक घटना को अंजाम दिया था। पुलिस का आरोप है कि लूट के पैसों को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और इसी वजह से शंकर ने राम प्रताप की गोली मारकर हत्या कर दी।
इससे पहले मनियाडीह इलाके में एक अज्ञात शव मिला था, जिसकी पहचान बाद में राम प्रताप प्रसाद के रूप में हुई थी।
फिलहाल घायल आरोपित का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार की तलाश और मामले की आगे की जांच में जुटी है। आरोपित के ठीक होने के बाद उससे दोबारा पूछताछ की जाएगी।




