रांची : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर रांची पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार देर रात रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पूजा पंडालों के आसपास वाहनों की पार्किंग सही तरीके से कराने और जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक रूट में बदलाव करने को कहा। साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए।
रांची पुलिस ने लोगों से की अपील
रांची पुलिस ने आम लोगों और श्रद्धालुओं से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि लोग अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली, नगर डीएसपी और संबंधित थानों के प्रभारी समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
Read more : नवरात्रि के चौथे दिन इन रंगों के कपड़े पहनना माना जाता है शुभ, जानें मां कूष्मांडा के प्रिय भोग




