धनबाद: दुर्गापूजा को लेकर धनबाद जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए सड़कों की मरम्मत, साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था बेहतर करने पर जोर दिया जा रहा है। इसी को लेकर रविवार देर शाम उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने शहर के कई प्रमुख इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए।
DC और SSP ने कई इलाकों का लिया जायजा
उपायुक्त और एसएसपी ने केंदुआडीह, गया पुल, पम्पू तालाब, गोल बिल्डिंग और बलियापुर चौक समेत कई स्थानों का दौरा किया। इस दौरान सड़कों की खराब स्थिति, जलनिकासी, साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जांच की गई। उपायुक्त ने नगर निगम, सड़क निर्माण विभाग और पुलिस प्रशासन को मिलकर समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया।
तीन से पांच दिनों में सड़कों को चलने लायक बनाने का लक्ष्य
उपायुक्त आदित्य रंजन ने संबंधित विभागों को तीन से पांच दिनों के भीतर प्रमुख सड़कों की मरम्मत करने को कहा है। जिन स्थानों पर स्थायी मरम्मत संभव है, वहां जल्द काम पूरा करने और बाकी जगहों पर अस्थायी सुधार करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन दीपावली और छठ पूजा को देखते हुए भी सड़कों की स्थिति बेहतर बनाने की तैयारी कर रहा है।
पूजा पंडालों के आसपास बढ़ेगी रोशनी
दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख मार्गों और पूजा पंडालों के आसपास अतिरिक्त लाइटें लगाई जाएंगी। नगर निगम ने वार्ड पार्षदों की अनुशंसा पर विभिन्न स्थानों के लिए 15 से 20 अतिरिक्त लाइटें उपलब्ध कराई हैं। अधिकारियों को अंधेरे वाले इलाकों में जल्द रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया है।
केंदुआडीह सड़क पर बड़े वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद
केंदुआडीह सड़क पर दरारें और गैस रिसाव की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सावधानी बरतने का निर्णय लिया है। फिलहाल सड़क पर बालू भराई और अन्य अस्थायी सुधार कार्य किए जा रहे हैं। दुर्गापूजा तक इस मार्ग को छोटे वाहनों के लिए चालू करने का प्रयास किया जाएगा।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि फिलहाल इस सड़क पर केवल छोटे वाहनों को ही चलने की अनुमति होगी। सड़क की स्थिति पर करीब एक महीने तक निगरानी रखी जाएगी। इसके बाद आगे की व्यवस्था पर फैसला लिया जाएगा।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
एसएसपी प्रभात कुमार ने पूजा के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रमुख चौक-चौराहों और पूजा पंडालों के आसपास विशेष ध्यान दिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त आशीष गंगवार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, सड़क निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता मिथिलेश कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।




