रांची : झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल सकता है। मौसम विभाग ने 10 और 11 अक्टूबर को राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चलने का अनुमान जताया है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज में बारिश होने की संभावना है। वहीं, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश हो सकती है। कई जगहों पर आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है।
विभाग ने बताया कि 11 अक्टूबर से राज्य के ज्यादातर जिलों में मौसम साफ होने की उम्मीद है। इसके बाद 12 और 13 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून झारखंड से पूरी तरह विदा हो सकता है।
मानसून की विदाई के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है।




