रांची: रांची में GAIL की ओर से किए जा रहे सड़क और पाइपलाइन कार्यों को लेकर जिला प्रशासन ने अधिकारियों और संबंधित संवेदकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। DC मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर SDO सदर कुमार रजत की अध्यक्षता में GAIL के अधिकारियों और संबंधित कॉन्ट्रैक्टरों के साथ बैठक हुई।
बैठक में सड़क की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था, काम पूरा होने के बाद सड़क को पहले जैसी स्थिति में लाने और परियोजनाओं को तय समय पर पूरा करने पर चर्चा हुई।
काम के बाद सड़क को पहले जैसा करने का निर्देश
SDO सदर ने कहा कि सड़क पर काम पूरा होने के बाद उसे पहले जैसी स्थिति में बहाल करना जरूरी है। उन्होंने संबंधित संवेदकों को निर्देश दिया कि पाइपलाइन या अन्य कार्यों के लिए खोदी गई सड़क की मरम्मत तुरंत कराई जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
सड़क पर बनाए गए गड्ढों को भरकर उसे समतल और चलने लायक बनाने का भी निर्देश दिया गया। प्रशासन ने कहा कि निर्माण कार्य के कारण आम लोगों को लंबे समय तक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
कार्यस्थल पर उचित बैरिकेडिंग और सुरक्षा के सभी इंतजाम करने को कहा गया। वाहनों और पैदल चलने वाले लोगों के सुरक्षित आवागमन के लिए जरूरी व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
NHAI और RCD से समन्वय के निर्देश
GAIL के अधिकारियों को NHAI और पथ निर्माण विभाग (RCD) के संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने कहा कि सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल से परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जा सकेगा।
SDO ने अधिकारियों और संवेदकों को काम की नियमित निगरानी करने और तय समय-सीमा के अंदर परियोजनाएं पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही विकास कार्यों के दौरान आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा।




