Mumbai: आगामी दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मध्य रेल ने बड़ा फैसला लिया है। रेलवे प्रशासन ने विभिन्न रूटों पर 162 अतिरिक्त त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। इसके साथ ही त्योहारी सीजन के लिए मध्य रेल द्वारा घोषित विशेष ट्रेनों की कुल संख्या बढ़कर अब 580 पहुंच गई है। इन ट्रेनों के चलने से खासकर उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने में आसानी होगी। विशेष ट्रेन संख्या 01043, 01143, 01107, 05168, 01483 और 01411 के लिए टिकटों की बुकिंग 2 अक्टूबर 2026 से आईआरसीटीसी (IRCTC) की वेबसाइट और पीआरएस काउंटरों पर शुरू हो जाएगी।
यूपी-बिहार के लिए चलेंगी ये स्पेशल ट्रेनें
रेलवे द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक, मुंबई (एलटीटी) से दानापुर के बीच दैनिक स्पेशल (01143/01144) कुल 88 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन 9 अक्टूबर से 22 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी और ठाणे, कल्याण, नासिक, भुसावल, इटारसी, जबलपुर, प्रयागराज छिवकी, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा होते हुए दानापुर पहुंचेगी।
इसके अलावा, एलटीटी-समस्तीपुर साप्ताहिक एसी स्पेशल (01043/01044) 13 अक्टूबर से 19 नवंबर तक कुल 12 फेरे करेगी, जो मुजफ्फरपुर, हाजीपुर और पाटलिपुत्र के रास्ते चलेगी। वहीं, एलटीटी-बनारस साप्ताहिक स्पेशल (05168/05167) 17 अक्टूबर से 29 नवंबर तक 14 फेरे लगाएगी, जिसमें स्लीपर और एसी दोनों श्रेणियों के कोच शामिल रहेंगे।
दिल्ली, बंगाल और राजस्थान रूट का शेड्यूल
मध्य रेल ने महाराष्ट्र से दिल्ली, राजस्थान और पश्चिम बंगाल के लिए भी विशेष सेवाएं शुरू की हैं:
खड़की-हजरत निजामुद्दीन एसी सुपरफास्ट (01483/01484): 6 अक्टूबर से 21 नवंबर तक हफ्ते में दो दिन (मंगलवार-शुक्रवार) चलेगी और कुल 28 फेरे पूरे करेगी। यह ट्रेन सूरत, वडोदरा, कोटा और मथुरा होकर गुजरेगी।
खड़की-सांगानेर (जयपुर) सुपरफास्ट (01411/01412): 15 अक्टूबर से 20 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और शुक्रवार को कुल 12 फेरे लगाएगी।
एलटीटी-संतरागाछी एसी सुपरफास्ट (01107/01108): 6 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को कुल 8 फेरे लगाएगी, जो नागपुर, रायपुर, बिलासपुर, टाटानगर और खड़गपुर होकर चलेगी।
ऐसे करें टिकट बुकिंग
यात्री 2 अक्टूबर 2026 से इन स्पेशल ट्रेनों में रिजर्वेशन करा सकते हैं। जनरल बोगियों में सफर करने वाले यात्री यूटीएस (UTS) काउंटर या यूटीएस मोबाइल ऐप से सामान्य किराये पर टिकट खरीद सकते हैं। इसके अलावा रेलवन ऐप के जरिए भी बुकिंग की जा सकती है। ट्रेनों के ठहराव और समय सारिणी की सटीक जानकारी के लिए राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (NTES) ऐप या आधिकारिक पोर्टल पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।




