पश्चिमी सिंहभूम: चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के सामने स्थित हनुमान मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है। बुधवार रात चोरों ने मंदिर का मुख्य ताला तोड़कर दानपेटी में रखी श्रद्धालुओं की चढ़ावे की राशि चोरी कर ली।
शुक्रवार सुबह मंदिर के सेवादार पूजा के लिए पहुंचे तो उन्होंने ताला टूटा हुआ देखा। मंदिर परिसर में सामान भी बिखरा पड़ा था। इसके बाद चोरी की जानकारी लोगों को हुई। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मंदिर परिसर में पहुंच गए।
मंदिर समिति के प्रमुख अतरु यादव ने घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस से चोरों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर में चोरी की यह पहली घटना है।
बताया गया कि दानपेटी को सामान्य दिनों में नहीं खोला जाता था। रामनवमी से पहले साल में एक बार इसे खोलकर राशि निकाली जाती थी। इसी राशि से मंदिर में रामनवमी महोत्सव का आयोजन किया जाता था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस मंदिर के साथ-साथ रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।




